जवाहर नवोदय विद्यालय गजनेर में स्थापना दिवस मनाया, पूर्व छात्र मनीष थाकण का हुआ सम्मान
Bikaner News Life Style

जवाहर नवोदय विद्यालय गजनेर में स्थापना दिवस मनाया, पूर्व छात्र मनीष थाकण का हुआ सम्मान

Aug 5, 2026

 

बीकानेर. पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, गजनेर में नवोदय विद्यालय समिति का स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के समक्ष पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

 

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता नवोदय ऊर्जा सोसाइटी के उपाध्यक्ष सुखदेव नाथ ने की। वक्ताओं ने नवोदय विद्यालयों की स्थापना के उद्देश्य, ग्रामीण प्रतिभाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में नवोदय की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

 

 

प्राचार्य ने अपने संबोधन में नवोदय विद्यालय समिति की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, उत्कृष्ट शिक्षा और नैतिक मूल्यों के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

 

 

 

इस अवसर पर राज्य स्तरीय वृक्षारोपण अभियान के तहत जवाहर नवोदय विद्यालय गजनेर एल्युमनी सोसायटी एवं नवोदय ऊर्जा सोसायटी, राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में पूर्व छात्र सुखदेव नाथ, रामनिवास, बुधराम, सुभाष और प्रेमाराम श्योपत ने सहभागिता निभाई।

 

 

 

समारोह के दौरान चीन में आयोजित 19वीं जूनियर एशियन पुरुष हैंडबॉल चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के पूर्व छात्र मनीष थाकण का सम्मान भी किया गया। मनीष ने अपने प्रेरक संबोधन में अपनी सफलता का श्रेय जवाहर नवोदय विद्यालय गजनेर को देते हुए कहा कि इसी विद्यालय से उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के अवसर मिले, जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय खेल मंच तक पहुंचाया। उन्होंने वर्तमान विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।