VMOU Admission 2026: दो डिग्री, फ्री एजुकेशन और रोजगारपरक कोर्स, 25 अगस्त तक करें आवेदन
Bikaner News

VMOU Admission 2026: दो डिग्री, फ्री एजुकेशन और रोजगारपरक कोर्स, 25 अगस्त तक करें आवेदन

Aug 5, 2026

 

बीकानेर. वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (VMOU) में जुलाई 2026 सत्र के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र बीकानेर के निदेशक सुरेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रवेश की अंतिम तिथि 25 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से ई-मित्र, नेट बैंकिंग या विश्वविद्यालय के पोर्टल के जरिए घर बैठे प्रवेश ले सकते हैं।

 

 

 

उन्होंने बताया कि NAAC ‘A’ ग्रेड प्राप्त VMOU में बीए, बीएससी, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान, पत्रकारिता, एमए, कंप्यूटर विज्ञान, गणित, एमबीए, योग सहित अनेक रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा विद्यार्थी डिग्री के साथ डिप्लोमा या सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम भी कर सकते हैं।

 

 

 

विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को एक साथ दो गैर-प्रायोगिक डिग्री पाठ्यक्रम करने की सुविधा भी प्रदान कर रहा है। वहीं, महिलाओं को नि:शुल्क उच्च शिक्षा का अवसर दिया जा रहा है, जिसमें पात्र छात्राओं की फीस का पुनर्भरण राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा।

 

 

 

इस सत्र से राजस्थानी भाषा में स्नातकोत्तर (एमए) पाठ्यक्रम भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे प्रदेश की लोकभाषा, संस्कृति और साहित्य को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही डिप्लोमा इन कंप्यूटर अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट तथा फलित ज्योतिष एवं कर्मकांड के सर्टिफिकेट कार्यक्रम भी शुरू किए गए हैं।

 

 

 

निदेशक शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए स्टूडेंट वन व्यू पोर्टल उपलब्ध है, जहां प्रवेश, अध्ययन सामग्री, असाइनमेंट, परीक्षा, छात्र परिचय-पत्र सहित सभी जानकारियां ऑनलाइन मिलती हैं। MBA में बिना प्रवेश परीक्षा पात्रता दस्तावेजों के आधार पर प्रवेश दिया जा रहा है। पाठ्य सामग्री नहीं लेने वाले विद्यार्थियों को कुल फीस में 15 प्रतिशत की छूट भी मिलेगी।

 

 

 

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत विश्वविद्यालय में सेमेस्टर प्रणाली लागू है। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं दिसंबर 2026 में होंगी। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बीकानेर क्षेत्र में 18 अध्ययन केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रायोगिक शिविर, परीक्षाएं और असाइनमेंट जमा करने की सुविधा उपलब्ध है।

 

 

 

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश लेने के बाद प्रवेश आवेदन की हार्ड कॉपी जमा कराने की आवश्यकता नहीं होगी। अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.vmou.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं।