बीकानेर की बेटी मोनिका ओझा ने रचा इतिहास, ICMAI CMA फाइनल परीक्षा की पास
बीकानेर. फाइनेंस और अकाउंटेंसी के क्षेत्र की प्रतिष्ठित ICMAI CMA फाइनल परीक्षा में बीकानेर की बेटी मोनिका ओझा, स्वर्गीय अशोक ओझा की पुत्री, ने शानदार सफलता हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। दी इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICMAI) द्वारा घोषित जून 2026 के परिणामों में मोनिका ने दोनों ग्रुप सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करते हुए ‘Final Completed’ का गौरवपूर्ण मुकाम प्राप्त किया।
देश की सबसे कठिन प्रोफेशनल परीक्षाओं में गिनी जाने वाली CMA फाइनल परीक्षा में सफलता की दर सीमित होने के बावजूद मोनिका ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और रणनीतिक तैयारी के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।
मोनिका की इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि न केवल बीकानेर बल्कि पूरे क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो CA, CMA और CS जैसी राष्ट्रीय स्तर की व्यावसायिक परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उनकी यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से बड़े से बड़ा लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।

