BJP में टिकट की दौड़ शुरू, सभी 80 वार्डों के लिए आवेदन फॉर्म जारी
बीकानेर. नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बीकानेर में टिकट वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर निगम के सभी 80 वार्डों से भाजपा के संभावित प्रत्याशी अब टिकट के लिए आवेदन कर सकेंगे। पार्टी की ओर से आवेदन फॉर्म गुरुवार, 20 अगस्त को दोपहर 3 बजे के बाद भाजपा संभाग कार्यालय में उपलब्ध करवाए गए।
भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने बताया कि नगर निगम बीकानेर के सभी 80 वार्डों के संभावित प्रत्याशियों के लिए विधिवत आवेदन फॉर्म पार्टी कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे।
21 अगस्त से रोजाना 11 से 6 बजे तक मिलेंगे फॉर्म
मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने बताया कि शुक्रवार, 21 अगस्त से आवेदन फॉर्म प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक पार्टी कार्यालय में प्राप्त किए जा सकेंगे। इस दौरान जिला महामंत्री एडवोकेट कौशल शर्मा, श्याम सिंह हाडला और राजेंद्र पंवार कार्यालय में उपस्थित रहेंगे।
मंडल अध्यक्ष के जरिए जमा करना होगा आवेदन
निकाय चुनाव प्रभारी ओम सारस्वत ने टिकट के इच्छुक दावेदारों के लिए आवेदन प्रक्रिया भी स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार पार्टी कार्यालय से अधिकृत आवेदन फॉर्म ही प्राप्त करें। इसके बाद आवेदन को संबंधित मंडल अध्यक्ष के माध्यम से विधिवत दर्ज करवाकर पार्टी कार्यालय में जमा कराना होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी कार्यालय के अतिरिक्त किसी अन्य माध्यम से प्राप्त या प्रस्तुत किया गया आवेदन फॉर्म मान्य नहीं होगा।
आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों में भाजपा के टिकट की दावेदारी को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष दीपक पारीक, सरिता नाहटा, जिला मंत्री विनोद करोल, झमकू देवी, रमजान अब्बासी, रामकुमार व्यास, मंडल अध्यक्ष देवरूप सिंह सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

