नेपाल में फंसे मानसरोवर यात्रियों के लिए बीकानेर में गूंजा ‘हर-हर महादेव’, सुरक्षित वापसी को विशेष अभिषेक
बीकानेर. नेपाल में आई प्राकृतिक त्रासदी के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए भारतीय श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी के लिए बीकानेर के शिखर बंद महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक किया गया।
इस दौरान पूर्व में कैलाश मानसरोवर की यात्रा कर चुके बीकानेर के कैलाशियों ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन एवं जलाभिषेक किया। उन्होंने नेपाल में उत्पन्न विषम परिस्थितियों के बीच फंसे देश के विभिन्न राज्यों के श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उनके शीघ्र सकुशल घर लौटने की कामना की।
विशेष पूजा के दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया। कैलाशी अजय खत्री, योगेश झा और मूलचंद गहलोत सहित अन्य कैलाशियों एवं श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में भाग लिया।
कैलाशियों ने कहा कि कैलाश मानसरोवर की यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था, साधना और श्रद्धा का प्रतीक है। नेपाल में आई त्रासदी के कारण यात्रियों की सुरक्षा को लेकर उनके परिजनों और श्रद्धालुओं में चिंता बनी हुई है। इसी को देखते हुए भगवान भोलेनाथ से प्रत्येक यात्री की रक्षा और मंगलमय जीवन के लिए प्रार्थना की गई।
पूजा के समापन पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव की आरती की और नेपाल में फंसे सभी कैलाश मानसरोवर यात्रियों की शीघ्र एवं सुरक्षित वापसी की कामना की।

