कंवरसेन लिफ्ट नहर किनारे मिला मजदूर का सामान, गिरने की आशंका, गोताखोरों ने शुरू की तलाश
बीकानेर. अरजनसर क्षेत्र से गुजरने वाली कंवरसेन लिफ्ट नहर में एक व्यक्ति के गिरने की आशंका जताई जा रही है। नहर किनारे उसका सामान मिलने के बाद महाजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू करवाया।
लापता व्यक्ति की पहचान सूरतगढ़ क्षेत्र के घमंडिया बरानी निवासी वेदप्रकाश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वेदप्रकाश अरजनसर क्षेत्र में मजदूरी करता था। उसका सामान नहर के किनारे पड़ा मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही महाजन पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। वेदप्रकाश के नहर में गिरने की आशंका के चलते गोताखोरों को पानी में उतारकर तलाश करवाई जा रही है।
पुलिस ने घटना की जानकारी वेदप्रकाश के परिजनों को दे दी है। फिलहाल पुलिस उसके नहर में गिरने की आशंका सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। तलाश अभियान जारी है।

