12वीं की छात्रा मोहिता बनीं एक दिन की थानाधिकारी
बीकानेर. रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर नापासर पुलिस थाने में शुक्रवार को ‘रक्षा का वचन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि कक्षा 12वीं की छात्रा मोहिता पारीक को एक दिन की थानाधिकारी बनाया गया। इस दौरान मोहिता ने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और महिला सुरक्षा एवं पुलिस व्यवस्था से जुड़े सवालों के जवाब दिए।
पुलिस मुख्यालय जयपुर की ओर से पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय, विश्वास एवं आत्मीयता स्थापित करने के उद्देश्य से ‘रक्षा का वचन’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के मार्गदर्शन में नापासर पुलिस थाने में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बालिकाओं ने पुलिस अधिकारियों और जवानों की कलाई पर राखी बांधी। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा में सदैव तत्पर रहने का भरोसा दिलाया। इस दौरान उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों तथा पुलिस की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता और सेवाओं की जानकारी दी गई।
साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं को सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी।
एक दिन की थानाधिकारी बनीं मोहिता पारीक ने थाने की कार्यप्रणाली को समझने के साथ पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े सवालों के जवाब दिए तथा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान नापासर थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक कविता पूनिया, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश कुमार, हेड कांस्टेबल शक्तिसिंह सहित थाने का स्टाफ उपस्थित रहा।

