मतदान से पहले भाजपा ने खोला जीत का खाता, वार्ड 69 से लीला गहलोत निर्विरोध पार्षद बनी, यह है वजह…
Uncategorized

मतदान से पहले भाजपा ने खोला जीत का खाता, वार्ड 69 से लीला गहलोत निर्विरोध पार्षद बनी, यह है वजह…

Sep 1, 2026

 

बीकानेर. नगर निगम के 80 वार्डों में होने जा रहे चुनाव के लिए मतदान से पहले ही भाजपा ने जीत का खाता खोल लिया है। वार्ड संख्या 69 से भाजपा प्रत्याशी लीला गहलोत का निर्विरोध पार्षद चुना जाना तय हो गया है। उनके सामने दाखिल किया गया एकमात्र नामांकन खारिज होने के बाद चुनाव मैदान में कोई अन्य उम्मीदवार नहीं बचा।

 

 

जानकारी के अनुसार, वार्ड 69 से ममता सांसी ने अपने नामांकन पत्र में खुद को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) का उम्मीदवार बताया था, लेकिन उन्हें पार्टी का अधिकृत चुनाव चिह्न और आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले। नामांकन पत्र की जांच के दौरान इस तकनीकी कमी के कारण उनका पर्चा खारिज कर दिया गया।

 

 

दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस की ओर से जारी प्रत्याशियों की सूची में भी ममता सांसी का नाम शामिल बताया जा रहा था, लेकिन उन्होंने नामांकन पत्र में स्वयं को आरएलपी प्रत्याशी के रूप में दर्ज किया था। इसके चलते वह कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में भी चुनाव मैदान में नहीं रह सकीं।

 

 

ममता सांसी का नामांकन निरस्त होने के बाद भाजपा की लीला गहलोत वार्ड में एकमात्र वैध प्रत्याशी बची हैं। ऐसे में उनका निर्विरोध पार्षद चुना जाना तय हो गया है। निर्वाचन विभाग की औपचारिक घोषणा के साथ उन्हें विजयी घोषित किया जाएगा।

 

 

लीला गहलोत पूर्व पार्षद अनूप गहलोत की धर्मपत्नी हैं। वार्ड 69 में मिली इस निर्विरोध सफलता के साथ नगर निगम चुनाव में भाजपा का खाता मतदान से पहले ही खुल गया है।