प्रतिभा पहचानने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगा मंच, एंथे-2026 लॉन्च
बीकानेर. आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड (एईएसएल) ने मंगलवार को बीकानेर में आकाश नेशनल टैलेंट हंट एग्जाम (एंथे)-2026 लॉन्च किया। इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक क्षमता, मजबूत पक्ष और सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान कराने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
लॉन्चिंग कार्यक्रम में आकाश बीकानेर के एकेडमिक हेड वेदप्रकाश शर्मा, एकेडमिक हेड मेडिकल नविता बिश्नोई, एकेडमिक हेड फाउंडेशन नवीन बंसल, असिस्टेंट डायरेक्टर मोहम्मद शोएब और ब्रांच हेड दिग्विजय सिंह जोधा सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि एईएसएल देशभर में नीट, जेईई और ओलंपियाड सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शैक्षणिक सेवाएं उपलब्ध कराता है। कंपनी के अनुसार देश में इसके 415 से अधिक सेंटर हैं और चार लाख से अधिक विद्यार्थी विभिन्न पाठ्यक्रमों से जुड़े हैं।
उन्होंने बताया कि एंथे का आयोजन पिछले 16 वर्षों से किया जा रहा है और अब तक एक करोड़ से अधिक विद्यार्थी इसके लिए पंजीकरण करवा चुके हैं। परीक्षा को इस प्रकार तैयार किया गया है कि इससे विद्यार्थियों के अंकों के साथ अवधारणाओं की समझ, योग्यता, विश्लेषणात्मक क्षमता और परीक्षा के दौरान उनके व्यवहार का भी आकलन किया जा सके।
एईएसएल के एमडी एवं सीईओ चंद्रशेखर गरिसा रेड्डी ने कहा कि एंथे केवल स्कॉलरशिप निर्धारित करने वाली परीक्षा नहीं है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी अकादमिक क्षमता और तैयारी के वर्तमान स्तर को समझने में सहायता देना भी है।
एंथे-2026 में विद्यार्थी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भाग ले सकेंगे। ऑनलाइन परीक्षा 27 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक होगी। ऑफलाइन परीक्षा 11 अक्टूबर, 25 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए पंजीकरण शुरू हो चुके हैं। विद्यार्थी आधिकारिक एंथे पोर्टल या देशभर में स्थित आकाश सेंटर के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

