बड़े नाले की समस्या से परेशान लोग, नवरात्र में नागणेचीजी मंदिर के पास चलाया हस्ताक्षर अभियान
बीकानेर. शहर में बड़े नाले की समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर नाला समाधान संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से नवरात्र के अवसर पर नागणेचीजी मंदिर में संयुक्त जनहस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से सुदर्शना नगर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने और नाले के स्थायी समाधान की मांग उठाई गई।
समिति के अनुसार, बीकानेर का बड़ा नाला लंबे समय से कई आवासीय क्षेत्रों के लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। नाले से जुड़ी समस्याओं के चलते क्षेत्रवासियों को गंदगी और दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही संभावित जल एवं पर्यावरण प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को लेकर भी लोगों में चिंता है।
कई कॉलोनियों के लोग प्रभावित
समिति ने बताया कि बड़े नाले की समस्या से पवनपुरी, मरुधर नगर, शास्त्री नगर, वल्लभ गार्डन, आदर्श कॉलोनी, डुप्लेक्स कॉलोनी, मदन विहार, बजरंग विहार, कैमल फार्म, शिवबाड़ी और सुदर्शना नगर सहित कई क्षेत्र प्रभावित हैं। इन इलाकों के निवासी लंबे समय से समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं।
समिति का कहना है कि यह किसी एक कॉलोनी तक सीमित समस्या नहीं है, बल्कि शहर के अनेक क्षेत्रों के नागरिकों से जुड़ा जनहित का मुद्दा है। ऐसे में इसका स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है।
प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग
जनहस्ताक्षर अभियान के माध्यम से समिति ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, राज्य सरकार और जिला प्रशासन से समस्या को गंभीरता से लेने की अपील की। समिति ने मांग की कि बड़े नाले से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को राहत मिल सके।
ये रहे मौजूद
अभियान में नाला समाधान संयुक्त संघर्ष समिति के मुख्य संयोजक नरेंद्र शर्मा, वक्ता राकेश शर्मा, संरक्षक बीडी शर्मा, संयोजक सुमेश शर्मा, भरत गलानी, दिनेश भटनागर, राजकुमार जैन, शिव भार्गव, बंशीधर शर्मा, अशोक यादव, राजकुमार महात्मा, सुरेश बिश्नोई और दिव्यांश शर्मा सहित विभिन्न कॉलोनियों के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

