टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग, राजस्थान के इस रेलवे स्टेशन से 3 आरोपी पकड़े, दो गिरफ्तार, एक नाबालिग डिटेन
मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले में राजस्थान की कोटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोटा रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को डिटेन किया है। तीनों आरोपी ट्रेन से फरार होने की कोशिश कर रहे थे। मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर कोटा पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपी जयपुर-पुणे ट्रेन के जनरल कोच में अलग-अलग जगह सवार थे। ट्रेन सोमवार सुबह करीब 10:18 बजे कोटा रेलवे स्टेशन पहुंची। पुलिसकर्मी पहले से ही स्टेशन पर अलर्ट थे। ट्रेन के रुकते ही जवानों ने जनरल कोच में तलाशी ली और तीनों को पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें स्टेशन से बाहर लाया गया।
हरियाणा और बिहार के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में रेहान और ऋतिक शामिल हैं, जिनकी उम्र करीब 20 से 25 साल बताई जा रही है। तीसरा आरोपी नाबालिग है। तीनों में से दो हरियाणा के सोनीपत और एक बिहार के बेगूसराय का रहने वाला बताया गया है।
कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम को मुंबई पुलिस की ओर से आरोपियों के ट्रेन से गुजरने की सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया और ट्रेन पहुंचते ही कार्रवाई की गई।
रविवार शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग
दरअसल, मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क के पास रविवार शाम करीब 7 बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना हुई थी। उस समय अभिनेता कार की फ्रंट सीट पर बैठे थे और ड्राइवर गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान तीन लोगों ने उनकी कार पर कथित तौर पर पांच राउंड फायरिंग की।
घटना में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। बताया गया कि टाइगर अपने ड्राइवर को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अभिनेता को गोली नहीं लगी, हालांकि उनके बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आने की बात सामने आई।
लॉरेंस गैंग ने ली फायरिंग की जिम्मेदारी
इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग की ओर से लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोटा में पकड़े गए तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उनसे पूछताछ कर मामले में उनकी कथित भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच करेगी।

