किसान के खेत में मिला पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस का गुब्बारा
Bikaner News

किसान के खेत में मिला पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस का गुब्बारा

Jan 13, 2026
बीकानेर. खाजूवाला क्षेत्र में एक बार फिर पाकिस्तान की नापाक हरकत सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र खाजूवाला के 8KLD कुण्डल में एक किसान के खेत में पाकिस्तानी गुब्बारा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
गुब्बारा मिलने की सूचना मिलते ही किसान ने तुरंत खाजूवाला पुलिस को जानकारी दी, जिस पर खाजूवाला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान गुब्बारे पर “पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस” लिखा हुआ पाया गया।
मौके पर मौजूद हेड कांस्टेबल धारा सिंह ने गुब्बारे की बारीकी से जांच की। राहत की बात यह रही कि जांच में कोई भी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने एहतियात के तौर पर गुब्बारे को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।
गौरतलब है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में इस तरह के गुब्बारों का मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और सीमा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।