कुलगुरु डॉ दुबे ने कृषि अनुसंधान केन्द्र में जारी विभिन्न परीक्षणों का किया अवलोकन, दिए आवश्यक निर्देश
Bikaner News

कुलगुरु डॉ दुबे ने कृषि अनुसंधान केन्द्र में जारी विभिन्न परीक्षणों का किया अवलोकन, दिए आवश्यक निर्देश

Jan 28, 2026
बीकानेर. स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आर. बी. दुबे ने मंगलवार को कृषि अनुसंधान केन्द्र, बीकानेर में विभिन्न परियोजनाओं के तहत किए जा रहे परीक्षणों एवं गतिविधियों का अवलोकन किया।
इस दौरान निदेशक अनुसंधान डॉ विजय प्रकाश, क्षेत्रीय निदेशक अनुसंधान डॉ एच एल देशवाल , डॉ एस आर यादव ने उन्हें विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। कुल गुरु ने मृदा परीक्षण आधारित लम्बी अवधि के ग्वार-गेहूँ फसल की क्रम परीक्षण में उपचारों का प्रभाव देखा।
चारा अनुसंधान परियोजना में जई, रिजका, बरसीम फसलों की उन्नत किस्मों का प्रभाव व शस्य क्रियाओं के परीक्षणों तथा इसबगोल फसल क्रम में इसबगोल का अगली फसल पर पड़ने वाले प्रभाव के परीक्षणों का भी अवलोकन किया। उन्होंने  वैज्ञानिकों को इन फसलों के बढ़ते क्षेत्र को देखते हुए बुवाई एवं सिंचाई की उन्नत तकनीक विकसित करने पर कार्य करने के निर्देश दिए।
डॉ दुबे ने लवणीय पानी के प्रबंधन परियोजना में सुवा फसल की लवणीय जल की बूंद-बूंद सिंचाई पद्धति द्वारा किए जा रहे प्रयोगों को भी देखा तथा इस क्षेत्र में इस खेती की सम्भावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने बेर के बगीचे का भी निरीक्षण किया।