विधायक जेठानंद व्यास की प्रेरणादायी पहल, ओलंपिक पुष्करणा सावे पर विवाह करने वाली बेटियों को मिलेगा आर्थिक संबल
बीकानेर. समाज में बेटियों के सम्मान और उनके सुरक्षित भविष्य की दिशा में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने एक सराहनीय और संवेदनशील पहल की है। विधायक व्यास अपने दिवंगत माता-पिता की स्मृति में स्थापित शिवकुमार मोहनप्यारी जनकल्याण ट्रस्ट के माध्यम से 10 फरवरी 2026 को होने वाले ओलंपिक पुष्करणा सावे पर विवाह करने वाली हिंदू समाज की प्रत्येक कन्या को 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे।
विधायक जेठानंद व्यास ने बताया कि यह पहल केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य बेटियों के विवाह जैसे पवित्र संस्कार में परिवारों को आत्मसम्मान के साथ सहयोग देना है। सरकार द्वारा परकोटा क्षेत्र को एक छत मानने की व्यवस्था को आधार बनाते हुए यह सहयोग पूरे परकोटा क्षेत्र में लागू किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक परिवार इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि आज के समय में विवाह एक बड़ा आर्थिक दायित्व बन चुका है। ऐसे में समाज और जनप्रतिनिधियों का यह कर्तव्य बनता है कि वे जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े हों। यह सहयोग राशि विवाह की तैयारियों में एक छोटा लेकिन सशक्त सहारा बनेगी।
विधायक व्यास ने जानकारी दी कि सहायता प्राप्त करने के लिए इच्छुक परिवार एमएम ग्राउंड के पास स्थित विधायक जनसुनवाई केंद्र पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित की गई है। आवेदन की जांच के बाद पात्र कन्याओं को ट्रस्ट के माध्यम से राशि प्रदान की जाएगी।
इस पहल से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सामाजिक संगठनों, प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों ने विधायक व्यास की इस सोच की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय कदम बताया है। लोगों का कहना है कि इस तरह की पहल बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करती है और समाज में सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देती है।
विधायक जेठानंद व्यास की यह पहल न केवल आर्थिक सहयोग का माध्यम है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि बेटियां बोझ नहीं, बल्कि समाज की शान हैं।

