बीकानेर के औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार, कलक्टर जैन ने दिए ठोस आश्वासन
Bikaner News

बीकानेर के औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार, कलक्टर जैन ने दिए ठोस आश्वासन

Apr 12, 2026

 

बीकानेर। जिले के समग्र विकास को लेकर प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है। कलेक्टर निशांत जैन ने स्पष्ट किया है कि बीकानेर के औद्योगिक और व्यापारिक विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने यह भरोसा बीकानेर जिला उद्योग संघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान दिया।

 

 

 

संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने शहर के औद्योगिक विकास से जुड़े कई अहम मुद्दे कलक्टर के समक्ष रखे। प्रतिनिधिमंडल ने बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से खाली पड़े करीब 1.32 लाख वर्गमीटर भूखंड का उपयोग फूड जोन के रूप में करने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि यहां पापड़, भुजिया, बड़ी और नमकीन जैसे पारंपरिक उद्योगों के लिए 75 से 90 लघु इकाइयां स्थापित की जा सकती हैं, जिससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और छोटे उद्योगों को संगठित स्थान मिल सकेगा।

 

 

 

बैठक में करणी औद्योगिक क्षेत्र और बीछवाल क्षेत्र को जोड़ने वाली लिंक रोड पर बने रेलवे फाटक की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। उद्योग प्रतिनिधियों ने बताया कि दिनभर में 30 से 40 बार फाटक बंद रहने से औद्योगिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं और समय व संसाधनों का नुकसान होता है। इस पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग रखी गई, जिससे आवागमन सुगम हो सके।

 

 

 

इसके अलावा रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र की रोड नंबर 5 की बदहाल स्थिति पर भी चर्चा हुई। टूटे डिवाइडर, खराब सड़क और अपर्याप्त रोशनी जैसी समस्याओं को जल्द दुरुस्त करने तथा मार्ग के सौंदर्यीकरण की मांग की गई, ताकि उद्योगों के संचालन में सुविधा हो।

 

 

 

कलक्टर जैन ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन उद्योग जगत के साथ समन्वय बनाकर काम करेगा, जिससे बीकानेर को औद्योगिक रूप से और अधिक मजबूत बनाया जा सके।