भाजपा शहर जिला की मासिक बैठक में बूथ स्तर तक योजनाएं पहुंचाने पर जोर, संगठनात्मक कार्यक्रमों की बनी रणनीति
बीकानेर. भारतीय जनता पार्टी शहर जिला बीकानेर की मासिक संगठनात्मक बैठक जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ की अध्यक्षता में भाजपा संभाग कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने बताया कि बैठक में पंडित दीनदयाल परीक्षण अभियान, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, ‘मन की बात’ कार्यक्रम, श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पखवाड़ा तथा ‘आपातकाल: संविधान की हत्या’ विषयक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ तक संगठन को मजबूत करने और डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म व ‘मन की बात’ के अधिकतम प्रसार का आह्वान किया गया।
जिला प्रभारी ओम सारस्वत ने कहा कि संगठन की सफलता नियमित संवाद, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने मंडल और बूथ स्तर पर योजनाबद्ध तरीके से कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर बल दिया।
जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ की मजबूती से ही सशक्त बनता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आग्रह किया।
बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष विजय आचार्य ने संगठन की सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए आगामी अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश महामंत्री अल्पसंख्यक मोर्चा रमजान अब्बासी, जिला महामंत्री एडवोकेट कौशल शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अशोक प्रजापत, मोतीलाल हर्ष, सरिता नाहटा, जिला मंत्री धर्मेंद्र सिंह सोलंकी, रामचंद्र सोनी, सुमन कंवर शेखावत, कोषाध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, मीडिया संयोजक कमल गहलोत, सोशल मीडिया संयोजक चंद्र प्रकाश गहलोत सहित पार्टी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

