दूध-घी से चंचलेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक, फूलों से किया मनमोहक श्रृंगार
बीकानेर. नगर सेठ श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर स्थित संतोषी माता मंदिर के प्रांगण में चंचलेश्वर महादेव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा कर सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
मंदिर के पुजारी रवि व्यास और पंडित यादवलाल श्रीमाली ने बताया कि चंचलेश्वर महादेव का दूध एवं घी से अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान शिव का फूलों से आकर्षक श्रृंगार कर महाआरती की गई। अभिषेक और मंत्रोच्चार से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महादेव के दर्शन किए और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। रुद्राभिषेक के बाद भजन संध्या आयोजित की गई। कलाकारों की ओर से प्रस्तुत शिव भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भगवान की आराधना करते नजर आए।
कार्यक्रम में लक्ष्मीनाथ भ्रमण पथ के अध्यक्ष बच्छराज आचार्य, कन्हैयालाल मारू, पवन भादाणी, महेंद्र कल्ला और रमेश कुमार सोनी सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर महाआरती कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

