लायंस क्लब बीकानेर मल्टीविजन की नव निर्वाचित कार्यकारिणी ने ली शपथ, स्वास्थ्य जागरूकता और यातायात सुरक्षा पर रहेगा विशेष जोर
बीकानेर. लायंस क्लब बीकानेर मल्टीविजन की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। इस दौरान क्लब की सेवा गतिविधियों के विस्तार के साथ स्वास्थ्य जागरूकता और यातायात सुरक्षा के क्षेत्र में प्रभावी कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया गया।
अजय पुरोहित ने कहा कि केवल शपथ लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शपथ के दौरान ली गई सभी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना भी जरूरी है। किसी भी संगठन की सफलता उसके पदाधिकारियों की सक्रियता, अनुशासन और सेवा भावना पर निर्भर करती है। लायंस क्लब को समाजोत्थान के कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने क्लब से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, रक्तदान, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं और आमजन को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
क्लब के संरक्षक लायन शशांक सक्सेना ने मातृशक्ति चंद्रकांता सोनी का सम्मान किया। नव निर्वाचित अध्यक्ष लायन नीरज कुमार भटनागर ने कहा कि मानव सेवा ही जीवन की सबसे बड़ी सेवा है। लायंस क्लब से जुड़ने के लिए आर्थिक रूप से समृद्ध होना आवश्यक नहीं है। समाज के सामान्य वर्ग को साथ लेकर भी सेवा कार्य प्रभावी ढंग से किए जा सकते हैं
कार्यक्रम संयोजक एवं नव निर्वाचित सचिव लायन डॉ. सुचित्रा कश्यप ने कहा कि संगठन को आगे बढ़ाने के लिए उसके उद्देश्यों और कार्यप्रणाली को समझना जरूरी है। पदाधिकारियों को संगठन के लिए पर्याप्त समय देते हुए सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। मुख्य वक्ता प्रमोद बहादुर सक्सेना ने लॉयनवाद के उद्देश्यों, सिद्धांतों और सेवा कार्यों के मूल मंत्र की जानकारी दी।
समारोह में अध्यक्ष लायन नीरज कुमार भटनागर, सचिव लायन डॉ. सुचित्रा कश्यप, उपाध्यक्ष लायन विजय शर्मा एवं लायन अंजू जैन, कोषाध्यक्ष लायन चंद्रकांता सोनी, टेल ट्विस्टर लायन आरिफ, टेमर लायन रचना सोनी, जनसंपर्क अधिकारी लायन उमाशंकर आचार्य तथा निदेशक लायन अरुण जैन, लायन प्रमोद बहादुर सक्सेना, लायन चंद्रप्रकाश सोनी एवं लायन पुष्पा शर्मा ने पद एवं दायित्व की शपथ ली।
समारोह की शुरुआत ध्वज वंदना और विश्व शांति के लिए मौन प्रार्थना से हुई। संचालन जवाहर जोशी ने किया। डॉ. शरद, विनोद सक्सेना, राजेंद्र परिहार और डॉ. अमीषा ने गीतों की प्रस्तुतियां दीं। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक सरोकार और यातायात सुरक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

