बाबूजी प्लाजा की दुकान में भड़की आग, सामान जलकर राख, लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बीकानेर. कोटगेट स्थित बाबूजी प्लाजा मार्केट की एक दुकान में बुधवार रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा कुछ सामान जलकर राख हो गया। हालांकि आसपास मौजूद लोगों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। यह देखकर मार्केट और आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे तथा अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोक लिया गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो यह आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
घटना की सूचना मिलने पर दुकानदार को भी मौके पर बुलाया गया। आग लगने का प्रारंभिक कारण एसी में आई तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे में दुकान का कुछ सामान जलकर नष्ट हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता के कारण आग ने विकराल रूप नहीं लिया और आसपास की दुकानों को संभावित नुकसान से बचा लिया गया।

