नगर निगम की पहली साधारण सभा जल्द बुलाने की मांग, भाजपा पार्षद आयुक्त से मिले
Bikaner News Politics

नगर निगम की पहली साधारण सभा जल्द बुलाने की मांग, भाजपा पार्षद आयुक्त से मिले

Sep 30, 2026

बीकानेर. शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नगर निगम बीकानेर के उपमहापौर पंकज गहलोत के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को निगम आयुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने नवनिर्वाचित नगर निगम बोर्ड की प्रथम साधारण सभा जल्द आयोजित करने की मांग रखी।

 

 

उपमहापौर पंकज गहलोत ने आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि प्रथम साधारण सभा आयोजित होने से शहर के विकास और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सदन में विस्तृत चर्चा हो सकेगी और आवश्यक निर्णय लिए जा सकेंगे। उन्होंने शहर में सामने आ रही विभिन्न जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की आवश्यकता भी रखी।

 

 

त्योहारों से पहले सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर जोर

बैठक में आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का मुद्दा उठाया गया। इसके साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने और आवश्यकता वाले स्थानों पर नई हाई-मास्ट लाइट लगाने की मांग की गई।

 

 

प्रतिनिधिमंडल ने शहर में सड़क और नाला-नालियों की मरम्मत से जुड़े कार्यों की समीक्षा करवाने की बात भी रखी, ताकि बारिश और आगामी त्योहारों के दौरान लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

 

 

आवारा पशु और सीवर की समस्या भी उठाई

भाजपा पार्षदों ने निराश्रित गौवंश को कांजी हाउस तथा आवारा कुत्तों को डॉग शेल्टर होम में रखने और इससे जुड़ी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने की मांग की। इसके अलावा सीवर लाइन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की आवश्यकता भी बताई गई।

 

 

प्रतिनिधिमंडल ने प्रत्येक वार्ड में संबंधित पार्षद और निगम कर्मचारियों की जानकारी सूचना बोर्ड पर अपडेट रखने की मांग भी की, ताकि आमजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित व्यक्ति या कर्मचारी से संपर्क कर सकें।

 

 

उपमहापौर पंकज गहलोत ने निगम आयुक्त से आग्रह किया कि इन मुद्दों सहित शहर से जुड़े अन्य जनोपयोगी विषयों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और उनका जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए।

 

 

इस दौरान पार्षद डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया, भगवती गौड़, विक्रम सिंह राजपुरोहित, प्रकाश व्यास, उम्मेद सिंह राजपुरोहित, संदीप गहलोत, विशाल सोनी, चित्रा देवी, सिंवरी नायक, सुषमा शर्मा, दीपक तंवर, कपिल चारण, निशा पारीक, कविता विश्नोई, शिव गहलोत, लीला गहलोत, जगदीश सोलंकी, शंकर लाल तंवर, राजेंद्र शर्मा, आनंद सोनी सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे।

;