ड्रग्स के खिलाफ बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 मामलों में जब्त 8.70 करोड़ के नशीले पदार्थ नष्ट
बीकानेर. बीकानेर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के बाद जब्त किए गए नशीले पदार्थों के निस्तारण की कार्रवाई की। पुलिस द्वारा गठित ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में 15 अभियोगों में जब्त मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार, नष्ट किए गए मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ 70 लाख 21 हजार 815 रुपए है। निस्तारण की कार्रवाई 30 सितंबर 2026 को निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 15 मामलों में जब्त 37.457 किलोग्राम डोडा पोस्त, 2.115 किलोग्राम गांजा, 2.37 ग्राम एमडी, 116.15 ग्राम स्मैक और 12.41 ग्राम एमडीएमए का निस्तारण किया गया।
यह कार्रवाई बीकानेर जिला पुलिस की ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में संपन्न हुई। कार्रवाई के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़, पुलिस निरीक्षक (अपराध सहायक) सुभाष बिजारणियां सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस के मुताबिक जब्त मादक पदार्थों को निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया। पुलिस की ओर से मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

