ट्रक-कार की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत, चार घायल
बीकानेर. नेशनल हाईवे-11 पर श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के सातलेरा बस स्टैंड के पास बुधवार को ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसाइटी की टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। सोसाइटी की एंबुलेंस की मदद से चारों घायलों को उपचार के लिए श्रीडूंगरगढ़ के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी चार घायलों को बेहतर उपचार के लिए पीबीएम ट्रॉमा सेंटर, बीकानेर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि घायलों में दो श्रीडूंगरगढ़ और दो सरदारशहर निवासी हैं। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया।

