बीकानेर की शूटर बहनों का कमाल, GNDU की शूटिंग टीम में स्वाति-शिक्षा सारण का चयन
Bikaner News Sports

बीकानेर की शूटर बहनों का कमाल, GNDU की शूटिंग टीम में स्वाति-शिक्षा सारण का चयन

Oct 8, 2026

बीकानेर. बीकानेर की अंतरराष्ट्रीय शूटर बहनों स्वाति सारण और शिक्षा सारण ने पंजाब के अमृतसर में आयोजित गुरु नानक देव विश्वविद्यालय (GNDU) के शूटिंग टीम चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करते हुए बीकानेर का नाम रोशन किया। दोनों बहनों ने क्रमशः पहला और दूसरा स्थान हासिल कर व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड और सिल्वर मेडल जीता तथा विश्वविद्यालय की शूटिंग टीम में अपना स्थान पक्का किया।

 

 

पूरे पंजाब से GNDU के अंतर्गत आने वाले विभिन्न कॉलेजों के करीब 56 खिलाड़ियों ने चयन ट्रायल में हिस्सा लिया था। बीकानेर की दोनों बहनों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर सभी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष दो स्थान हासिल किए।

 

 

कोच सनराइज शूटिंग अकादमी के रघुवीर सिंह ने बताया कि स्वाति और शिक्षा दोनों गुरु नानक देव विश्वविद्यालय की छात्राएं हैं। व्यक्तिगत स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ टीम इवेंट में भी दोनों बहनों की जोड़ी ने पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता।

 

 

अब दोनों बहनें आगामी ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप में गुरु नानक देव विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतियोगिता अगले वर्ष जनवरी में आयोजित होगी। कोच रघुवीर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर दोनों खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रही हैं और वर्तमान में अकादमी में प्रतिदिन करीब 8 घंटे अभ्यास कर रही हैं।

 

 

स्वाति और शिक्षा की इस उपलब्धि से बीकानेर के खेल जगत में खुशी का माहौल है। दोनों बहनों से आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

;