राज्य स्तरीय कुश्ती में सादुल स्पोर्ट्स स्कूल का शानदार प्रदर्शन, पहलवानों ने जीते सात पदक
बीकानेर. भरतपुर-डीग में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में सादुल स्पोर्ट्स स्कूल, बीकानेर के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य सहित कुल सात पदक अपने नाम किए। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह पिछले वर्षों की तुलना में स्कूल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
17 वर्ष आयु वर्ग के ग्रीको रोमन मुकाबलों में 51 किलोग्राम भार वर्ग में भागीरथ ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि इसी वर्ग में सचिन गुर्जर ने कांस्य पदक हासिल किया।
वहीं 19 वर्ष आयु वर्ग के ग्रीको रोमन मुकाबलों में 63 किलोग्राम भार वर्ग में विक्रम गुर्जर ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 60 किलोग्राम भार वर्ग में मनीष सोलंकी और 72 किलोग्राम भार वर्ग में विक्रम लोहार ने कांस्य पदक हासिल किया।
इसके अलावा 17 वर्ष फ्री स्टाइल के 45 किलोग्राम भार वर्ग में महेंद्र गुर्जर ने कांस्य पदक जीता।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि सादुल स्पोर्ट्स स्कूल में कुश्ती के लिए महज 13 सीटें हैं। इसके बावजूद खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सात पदक जीतकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
पहलवानों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के कुश्ती सहायक कोच राकेश पुरोहित, कुश्ती कोच रामप्रसाद चौधरी सहित समस्त स्टाफ ने खुशी जताई और खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम राज्य स्तर पर इस शानदार प्रदर्शन के रूप में सामने आया है।

