डूंगर कॉलेज में अंतर-महाविद्यालय योग प्रतियोगिता शुरू, पुरुष वर्ग में 9 और महिला वर्ग में 12 टीमों ने लिया हिस्सा
बीकानेर. महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के तत्वावधान में राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में 8 और 9 अक्टूबर 2026 को अंतर-महाविद्यालय योग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के प्रतिभागी योग कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। पुरुष वर्ग में 9 और महिला वर्ग में 12 टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व को प्रोत्साहित करना है।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेंद्र कुमार पुरोहित ने की। उन्होंने योग को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने ‘योग भगाए रोग’ का संदेश देते हुए विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में योग को अपनाने और नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में महाविद्यालय प्रशासन मंडल के वरिष्ठ सदस्य भी मौजूद रहे और उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। पुरुष खेल समिति के संयोजक प्रो. कैलाश स्वामी ने कहा कि अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में योग के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया।
महिला खेल समिति की संयोजक प्रो. श्यामा अग्रवाल ने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य निर्णायक भुवनेश पुरोहित, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि डॉ. हितेंद्र मारू तथा विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक श्री पुरुषोत्तम रंगा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षक किशन जी पुरोहित ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में खेल समिति से प्रो. बिंदु भसीन, प्रो. हेमेंद्र भंडारी, प्रो. सुखाराम, डॉ. संदीप यादव, डॉ. सीताराम चालिया, डॉ. प्रकाश गर्ग, डॉ. अनीता गोयल, डॉ. सुनीता मंडा, डॉ. सुषमा शर्मा सोनी, डॉ. सुमन चौधरी, डॉ. शशिकांत आचार्य, डॉ. ओम प्रकाश बाना, डॉ. सरोज आमेरिया, डॉ. पूजा कसवां, डॉ. प्रियंका खींची और डॉ. आकाश स्वामी सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।
प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए शुभकामनाएं दी गईं। आयोजन विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

