बीकानेर में पहली बार पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा, 5151 कुंडीय महायज्ञ भी होगा
बीकानेर. बीकानेर में अगले साल मार्च में भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। सनातन धर्म रक्षा समिति की ओर से 11 से 17 मार्च 2027 तक सात दिवसीय श्री शिवमहापुराण कथा एवं 5151 कुंडीय लक्ष चंडी महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कथा में पहली बार प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा सीहोर वाले शिवमहापुराण की कथा सुनाएंगे। आयोजन में दो प्रमुख शंकराचार्यों के आगमन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
समिति के संस्थापक सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि बीकानेर में लगातार चौथी बार समिति की ओर से बड़े स्तर पर धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। इस बार शिवमहापुराण कथा के साथ 5151 कुंडीय लक्ष चंडी महायज्ञ प्रमुख आकर्षण रहेगा। महायज्ञ में काशी के विद्वान पंडित वैदिक विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाएंगे।
दो शंकराचार्यों के आगमन का कार्यक्रम प्रस्तावित
राजपुरोहित के अनुसार, आयोजन में श्रृंगेरी शारदा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती महाराज और ज्योतिष पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के बीकानेर आगमन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। संत-महात्माओं के सानिध्य में होने वाले इस आयोजन में देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
12 नवंबर को होगा भूमि पूजन
आयोजन की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ 12 नवंबर को भूमि पूजन के साथ किया जाएगा। समिति की जल्द बैठक आयोजित होगी, जिसमें अलग-अलग टीमों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। समिति अध्यक्ष कैलाश छंगाणी और महिला अध्यक्ष जयश्री भाटी के नेतृत्व में व्यवस्थाओं, पंजीकरण और जनसंपर्क से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
50 हजार श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाओं की योजना
समिति के अनुसार, आयोजन में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के लिए टेंट और अन्य आवश्यक सुविधाएं जुटाने की योजना है। इसके अलावा भंडारे और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था करने के प्रयास किए जाएंगे।
1 नवंबर से शुरू होगा पंजीकरण
शिवमहापुराण कथा एवं महायज्ञ में यजमान बनने के इच्छुक श्रद्धालु 1 नवंबर 2026 से 24 जनवरी 2027 तक पंजीकरण करवा सकेंगे। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड और फोटो आवश्यक होंगे। समिति की ओर से पंजीकरण की विस्तृत प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की जाएगी।
5 नवंबर से देशभर में भेजेंगे निमंत्रण
आयोजन के लिए 5 नवंबर से निमंत्रण अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत देशभर के जनप्रतिनिधियों, राजनेताओं, धर्माचार्यों, संत-महात्माओं, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। निमंत्रण के साथ श्रीफल और हरिद्वार से मंगवाए गए रुद्राक्ष के पौधे भेंट करने की योजना है। इसके जरिए धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।
आस्था चैनल पर होगा सीधा प्रसारण
समिति के अनुसार, श्री शिवमहापुराण कथा का आस्था चैनल पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। इससे बीकानेर के अलावा देश के अन्य क्षेत्रों में रहने वाले श्रद्धालु भी कथा का लाभ ले सकेंगे।
समिति का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है

