दुर्गाष्टमी पर शक्ति की आराधना के साथ सेहत का संकल्प, छात्राओं को कैंसर के प्रति करेंगे जागरूक
Bikaner News

दुर्गाष्टमी पर शक्ति की आराधना के साथ सेहत का संकल्प, छात्राओं को कैंसर के प्रति करेंगे जागरूक

Oct 19, 2026

बीकानेर. दुर्गाष्टमी के अवसर पर देवी शक्ति की आराधना के साथ बेटियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की पहल की जा रही है। स्नेहलता व्यास मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से स्वर्गीय स्नेहलता व्यास की स्मृति में 19 अक्टूबर को स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर जागरूकता सत्र आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे ओल्ड सिटी, नया शहर क्षेत्र स्थित आरम्भ क्लासेज में होगा।

 

 

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राओं के लिए आयोजित इस सत्र में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ इससे जुड़ी भ्रांतियों और झिझक को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में आचार्य तुलसी कैंसर अस्पताल एवं अनुसन्धान केंद्र, पीबीएम अस्पताल, बीकानेर के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज टांटिया विशेष व्याख्यान देंगे।

 

 

पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने का संदेश

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान छात्राएं अक्सर पढ़ाई और करियर को प्राथमिकता देती हैं। ऐसे में यह आयोजन उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश देगा। सत्र के माध्यम से स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जाएंगी, ताकि छात्राएं समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझने और उचित चिकित्सकीय सलाह लेने के प्रति जागरूक हो सकें।

 

 

दुर्गाष्टमी पर मातृशक्ति के सम्मान की पहल

दुर्गाष्टमी के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम मातृशक्ति के सम्मान को स्वास्थ्य जागरूकता से जोड़ने का प्रयास है। ट्रस्ट का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा और करियर के साथ अपनी सेहत को भी प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित करना है।

 

 

कार्यक्रम में आरम्भ क्लासेज के निदेशक विमल स्वामी एवं जीके गुरु अमित सोनी का विशेष सहयोग रहेगा। वहीं, ट्रस्ट के संरक्षक किशन व्यास और सचिव विनय थानवी आयोजन से जुड़े हैं।

 

 

स्वर्गीय स्नेहलता व्यास की स्मृति में आयोजित होने वाला यह जागरूकता सत्र छात्राओं को कैंसर के प्रति सजग बनाने और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर खुलकर जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगा।

;