18 साल से विकास की बाट जोह रही जोड़बीड़ आवासीय योजना, आवंटियों की समस्याएं सुनेंगे मंत्री सुमित गोदारा
बीकानेर. करीब 18 साल पहले विकसित करने की योजना के साथ शुरू हुई जोड़बीड़ आवासीय योजना आज भी अपने संपूर्ण विकास का इंतजार कर रही है। लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों की राह देख रहे आवंटियों की समस्याओं को लेकर अब सरकार स्तर पर पहल होने जा रही है। शनिवार, 7 नवंबर को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा योजना का मौका निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा करेंगे।
सुबह 11 बजे होने वाली इस बैठक में जिला कलेक्टर, बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) के आयुक्त एवं उपायुक्त सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, जोड़बीड़ विकास समिति के प्रतिनिधि और योजना के आवंटी मौजूद रहेंगे।
बैठक में योजना की वर्तमान स्थिति, लंबे समय से लंबित विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा होगी। मंत्री आवंटियों की समस्याएं और सुझाव सुनेंगे तथा अधिकारियों को इनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि आवंटियों की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का सुनियोजित विकास उनकी प्राथमिकता है। लंबे समय से लंबित मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर अधिकारियों के साथ चर्चा कर समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि बैठक और मौका निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य योजना के विकास में आ रही बाधाओं को दूर करना और आवंटियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।

