बीकानेर के बिहारीलाल बिश्नोई बने प्रदेश उपाध्यक्ष, अविनाश जोशी को प्रभारी आईटी, बीजेपी ने कार्यकारिणी घोषित की
Bikaner News Politics

बीकानेर के बिहारीलाल बिश्नोई बने प्रदेश उपाध्यक्ष, अविनाश जोशी को प्रभारी आईटी, बीजेपी ने कार्यकारिणी घोषित की

Nov 27, 2025
बीकानेर. राजस्थान बीजेपी की बहुप्रतिक्षित कार्यकारिणी घोषित कर दी गई है. प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की इस नई टीम में 9 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री, 7 मंत्री और 8 प्रवक्ता बनाए गए हैं. इनके अलावा कोषाध्यक्ष, सहकोषाध्यक्ष, कार्यालय सचिव, प्रकोष्ठ प्रभारी, मीडिया प्रभारी और सोशल मीडिया प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं. नई कार्यकारिणी में जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों का खासा ख्याल रखा गया है. आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारी को देखते हुए नई टीम का गठन महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार घोषित की गई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, प्रवक्ता और विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नए चेहरों को जगह दी गई है। कार्यकारिणी में सरदार सुरेन्द्रपाल सिंह टी.टी. (श्रीगंगानगर), नाहरसिंह जोधा (पाली), मुकेश दाधीच (झुंझुनूं), बिहारीलाल बिश्नोई (बीकानेर), छगन माहूर (कोटा), हकरू माईडा (बांसवाड़ा), डॉ. ज्योति मिर्धा (नागौर), अलका मूंदड़ा (उदयपुर) और सरिता गेना (अजमेर) को उपाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं बीकानेर की अपूर्वा सिंह को मंत्री बनाया गया है. साथ ही अविनाश जोशी को आईटी का प्रभारी बनाया गया है.