बीकानेर के पूर्व सांसद और अभिनेता धर्मेंद्र का निधन, बीकानेरी भुजिया, बिस्किट के रहे है मुरीद

बीकानेर. बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और ‘हीमैन’ के नाम से मशहूर धर्मेंद्र ने दुनिया को अलविदा कह दिया है. एक्टर ने 89 वर्ष की आयु में अपनी आखिर सांस ली है. यह खबर सुनते ही पूरे फिल्म जगत और उनके करोड़ों चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई. धर्मेंद्र पिछले काफी दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे, इसके बाद घर पर ही उनका इलाज चल रहा था.
बताया जा रहा है कि उन्हें सांस लेने में तकलीफ के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वो लगातार डॉक्टरों की निगरानी में थे. इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली और इसी के साथ हिंदी सिनेमा के एक स्वर्णिम युग का अंत हो गया.
दिग्गज जाट नेता डूडी के सामने लड़ा था लोकसभा चुनाव
बालीवुड के हीमेन धर्मेंद्र का बीकानेर से भी नाता रहा है. साल 2004 में कांग्रेस ने अपने पूर्व सांसद रामेश्वर डूडी को फिर से मैदान में उतारा तो भाजपा ने भी जाट ओरिएंटेड जाटलेंड पर प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र को अपना प्रत्याशी बना दिया था. जाट वोट बैंक पर तगड़ा उम्मीदवार सामने आने के बाद भी रामेश्वर डूडी ने धर्मेंद्र को पूरी टक्कर दी. धर्मेंद्र ने यह चुनाव 57 हजार वोटों से जीता था. खास बात ये थी कि बीकानेर शहर के अलावा सभी सीटों से धर्मेंद्र पीछे रहे. अकेले बीकानेर शहर से इतनी लंबी लीड ली थी कि सभी पांच विधानसभा सीटों का अंतर बराबर कर दिया था. बीकानेर के सांसद रहे अभिनेता धर्मेन्द्र के निधन से डेढ़ माह पूर्व ही पूर्व सांसद रामेश्वर डूडी का भी निधन हो गया था.
बीकानेर में अभिनेता धर्मेंद्र के कई चाहने वाले है जिनमें शोक की लहर है. जहां कई चाहने वाले है जो धर्मेंद्र से हर साल मिलने के लिए जाते है. जो बीकानेर से भुजिया, बिस्किट सहित मिठाई लेकर जाते है. वे हर बार बीकानेर के बारे में भी लोगों से हाल चाल पूछते है.

