विधायक जी की नाराजगी का मामला जयपुर तक पहुंचा, कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने किया ट्वीट
बीकानेर. शनिवार का दिन पूरे बीकानेर की राजनीति में अलग ही चर्चा का विषय बना रहा. दरअसल मामला यह है कि राज्य सरकार के दो साल पूरे होने पर बीकानेर के कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता कार्यक्रम आयोजित की गई. जिसमें बीकानेर प्रभारी मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर मीडिया को सरकार के दो साल की उपलब्धियां बता रहे थे. तभी बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास की एंट्री होती है.
इस दौरान जब विधायक जी को सीट नहीं मिलने पर वे खड़े रहे. करीब 15 मिनट लगातार खड़े रहने के बाद जब एक पत्रकार ने प्रभारी मंत्री से सड़कों को लेकर सवाल किया तो विधायक जी भड़क उठे. इस बीच प्रभारी मंत्री और कलेक्टर नम्रता वृष्णी विधायक को बैठने को कहा. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ. शहर के हर घर, पाटों और चाय की दुकानों पर यहीं चर्चा का विषय बना रहा. ऐसे में अब यह मामला जयपुर तक पहुंच गया है. इस घटनाक्रम पर विपक्ष के नेता ने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी. बताया जा रहा है कि यह मामला अब मुख्यमंत्री तक भी पहुंचाया गया है.
विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने ट्वीट किया
भाजपा सरकार के 2 साल का सच: मंत्रियों में कुंठा और विधायक हताश!
बीकानेर में विधायक का गुस्सा, जोधपुर में शिक्षा मंत्री का एक विकास कार्य न बता पाना और भीलवाड़ा में डिप्टी सीएम का अपनी बात बोलकर प्रेस वार्ता खत्म कर देने का वायरल वीडियो, ये सब सबूत हैं कि सरकार में न जनता की पूछ है, न जनप्रतिनिधियों की।
उपलब्धियां शून्य हैं, फिर भी दबाव में जश्न मन रहा है इसलिए जनप्रतिनिधियों को इस सबका सामना करना पड़ रहा है।

