ट्रेन में एक करोड़ के जेवरात व नकदी चोरी का पर्दाफाश, हरियाणा की अंतरराज्यीय गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार
बीकानेर. नागपुर से नोखा की यात्रा कर रही महिला की अटैची से करीब एक करोड़ रुपये के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले का जीआरपी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ट्रेन में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली हरियाणा की एक अंतरराज्यीय गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, महिला ट्रेन में नागपुर से नोखा आ रही थी। यात्रा के दौरान आरोपियों ने कथित रूप से उसकी अटैची में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद जीआरपी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थानाधिकारी नेहा राजपुरोहित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद कार्रवाई करते हुए गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी चोरी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गैंग के सदस्य ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

