नाल में बमनुमा वस्तु मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस और एयरफोर्स अलर्ट
Bikaner News

नाल में बमनुमा वस्तु मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस और एयरफोर्स अलर्ट

Jan 4, 2026

बीकानेर. नाल थाना क्षेत्र के नाईयों की बस्ती रोड पर रविवार शाम करीब 5 बजे एक बमनुमा संदिग्ध वस्तु पड़े होने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद तुरंत प्रशासन हरकत में आ गया।

 

सूचना मिलते ही नाल थानाधिकारी विकास विश्नोई पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित घेराबंदी में ले लिया गया। एहतियात के तौर पर आसपास की आवाजाही रोक दी गई और लोगों को संदिग्ध स्थान से दूर रहने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भारतीय वायुसेना (एयरफोर्स) को भी इस संबंध में अवगत कराया है। बम निरोधक दस्ते और तकनीकी विशेषज्ञों के पहुंचने के बाद ही संदिग्ध वस्तु की वास्तविक प्रकृति का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल वस्तु को छेड़छाड़ से बचाने के लिए पुलिस निगरानी बनाए हुए है।
थानाधिकारी विकास विश्नोई ने बताया कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जांच पूरी होने तक क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।
गौरतलब है कि इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन जाता है, ऐसे में प्रशासन की तत्परता और सतर्कता किसी बड़े हादसे को टालने में अहम भूमिका निभाती है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वस्तु वास्तव में बम है या कोई निष्क्रिय सामग्री।