स्कूलों में विद्यार्थियों का मनाया जाएगा जन्मदिन, शिक्षा निदेशक ने जारी किए निर्देश

बीकानेर. राज्य के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में अब विद्यार्थियों के जन्मदिन विद्यालय परिसर में मनाए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग राजस्थान ने कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को अपना जन्मदिन स्कूल में मनाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश जारी किए हैं।
राज्य में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और “विकसित भारत के लिए मानव पूंजी” के लक्ष्य को साकार करने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग राजस्थान ने सभी सम्भागीय संयुक्त निदेशकों को अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह निर्देश मुख्य सचिवों की 5वें राष्ट्रीय सम्मेलन में शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा दिए गए निर्णयों की पालना के तहत जारी किए गए हैं।
निदेशक, माध्यमिक शिक्षा राजस्थान, बीकानेर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 26 से 28 दिसंबर 2025, 2 जनवरी 2026 एवं 5 जनवरी 2026 को माननीय मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठकों में तय बिंदुओं को विद्यालय स्तर तक प्रभावी रूप से लागू किया जाए।
इन बिंदुओं पर रहेगा विशेष फोकस
मेगा पीटीएम अनिवार्य
सरकारी एवं निजी विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक बैठकों का नियमित आयोजन होगा। छोटे बच्चों के स्कूल में नामांकन, नियमित उपस्थिति और ठहराव सुनिश्चित करने के साथ-साथ बैठकों में विद्यार्थियों के पिता की सहभागिता अनिवार्य की गई है।
विद्यालय में जन्मदिन मनाने की पहल
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को अपना जन्मदिन विद्यालय में मनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे बच्चों में विद्यालय के प्रति जुड़ाव और सकारात्मक माहौल बने।
सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा
गाँव एवं कस्बों के स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को विद्यालय गतिविधियों से जोड़ा जाएगा, ताकि छात्रों के शैक्षणिक व सामाजिक विकास में सामुदायिक सहयोग सुनिश्चित हो सके।
लोकल फॉर वोकल पर सख्ती
“लोकल फॉर वोकल” अभियान के तहत विद्यालयों और अधीनस्थ कार्यालयों में स्वदेशी उत्पादों का 100 प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही “नो-वेस्ट-डे” जैसी गतिविधियों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।

