बीकानेर में रतानी व्यासों की बगीची में सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार, 41 बटुकों ने धारण किया जनेऊ
बीकानेर. शहर की रतानी व्यासों की बगीची में शुक्रवार को सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर 41 बटुकों को विधिवत जनेऊ धारण करवाया गया। यह कार्यक्रम पुष्करणा सावा के अंतर्गत होने वाले आयोजनों की श्रृंखला का पहला कार्यक्रम रहा।
कार्यक्रम में बटुकों के माता-पिता, परिजन एवं ननिहाल पक्ष के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। परंपरा के अनुसार ननिहाल पक्ष की ओर से बटुकों को वस्त्र भेंट किए गए, जिससे आयोजन में पारिवारिक और सांस्कृतिक उल्लास का वातावरण देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्यों द्वारा संस्कार संपन्न कराया गया।
आयोजकों ने बताया कि यह सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार कार्यक्रम पिछले चार वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग के बटुकों को बिना किसी आर्थिक बोझ के धार्मिक संस्कार से जोड़ना है। इसी क्रम में इस कार्यक्रम में बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार पूर्णतः निःशुल्क कराया गया। संस्कार से जुड़ी समस्त सामग्री भी आयोजकों की ओर से निःशुल्क उपलब्ध करवाई गई।
खास बात यह रही कि आयोजन में किसी भी प्रकार की दक्षिणा नहीं ली गई, जिससे यह कार्यक्रम समाज में एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरा है। अब तक इस पहल के अंतर्गत 200 से अधिक बटुकों का सामूहिक रूप से निःशुल्क यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न कराया जा चुका है।

