संभागीय आयुक्त ने किया जिला अस्पताल का दौरा, विभिन्न विकास प्रस्तावों को मिली मंजूरी

बीकानेर. बीकानेर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने गुरुवार को बीकानेर जिला अस्पताल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में आयोजित आरएमआरएस (रोगी कल्याण समिति) की बैठक में भाग लिया और विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए उन्हें मंजूरी दी।
बैठक में अस्पताल परिसर के मुख्य द्वार, रजिस्ट्रेशन काउंटर, प्रतीक्षालय और स्वागत द्वार के पुनर्निर्माण के लिए लगभग दो करोड़ रुपये की लागत के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। यह कार्य मदन मोहन ट्रस्ट के सहयोग से कराया जाएगा। संभागीय आयुक्त ने अस्पताल की आठ एकड़ भूमि दान देने वाले तथा भवन निर्माण में योगदान देने वाले गिरधरदास मूंधड़ा परिवार और ट्रस्ट के सामाजिक योगदान की सराहना की
बैठक के दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ सुनील हर्ष ने अस्पताल के आय-व्यय, विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. रेखा आचार्य, उपनिदेशक डॉ. राहुल हर्ष, अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. घनश्याम, लेखाधिकारी दुष्यंत छींपा, अमित वशिष्ठ, सहायक अभियंता पीयूष सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की प्रगति की समीक्षा की और इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं अपनी आभा आईडी बनवाकर ऑनलाइन पंजीकरण कराया और चर्म रोग विभाग में डॉ. राधेश्याम नाई से उपचार भी लिया।
उन्होंने अस्पताल की लैब का निरीक्षण कर डिजिटलीकरण प्रक्रिया और आईएचएमएस पोर्टल की कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा इसे आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। साथ ही अस्पताल को आगामी महीनों में पूर्णतः डिजिटल बनाने की योजना की सराहना करते हुए आवश्यक लॉजिस्टिक खरीद के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी।
रोटरी क्लब ने भेंट किए आभा आईडी काउंटर
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स द्वारा निर्मित दो आभा आईडी काउंटरों का लोकार्पण किया गया। क्लब के अध्यक्ष सुनील चमड़िया ने बताया कि रोटरी क्लब लंबे समय से जिला अस्पताल में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य करता रहा है और अस्पताल के डिजिटलीकरण में भी पूरा सहयोग देगा। रोटेरियन आनंद आचार्य ने इसे रोटरी क्लब के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल बताया। इस दौरान वरिष्ठ रोटेरियन पंकज पारीक, नितेश रंगा, विनय बिस्सा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
आरएमआरएस बैठक में लिए गए अन्य प्रमुख निर्णय
नेत्र रोग विभाग में मोतियाबिंद सर्जरी के लिए माइक्रोस्कोप अपग्रेडेशन हेतु 1.25 लाख रुपये स्वीकृत
अस्पताल के डिजिटलीकरण के लिए 1 लाख रुपये के लॉजिस्टिक की मंजूरी
अस्पताल में मेंटेनेंस के लिए पीडब्ल्यूडी चौकी पुनः शुरू करने के निर्देश
लैब में एसी और फर्नीचर के लिए 2 लाख रुपये स्वीकृत
आपातकालीन और लेबर रूम में नई ऑक्सीजन लाइन व वैक्यूम मशीन के लिए 4 लाख रुपये की स्वीकृति
विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों के तहत जनजागरूकता गतिविधियों (आईईसी) के लिए 1 लाख रुपये की मंजूरी
आपातकालीन ऑपरेशन और सिजेरियन के लिए अतिरिक्त एनेस्थीसिया चिकित्सक की नियुक्ति के निर्देश
इसके साथ ही मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत पैकेज बुकिंग बढ़ाने और रिजेक्शन रेट कम करने के निर्देश भी दिए गए। राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी, जन औषधि केंद्र और सरस पार्लर खोलने के प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि अस्पताल में डिजिटलीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

