छोटीकाशी बीकानेर में चैत्र नवरात्रि पर विराट अनुष्ठान, 14 भव्य मंदिरों का होगा निर्माण

बीकानेर। थार की छोटीकाशी बीकानेर में इस वर्ष चैत्र नवरात्रि के अवसर पर भक्ति और आस्था का विशेष संगम देखने को मिलेगा। समुद्र तटीय क्षेत्र से पधारे जगद्गुरु Vasant Vijayanand Giri महाराज के सान्निध्य में 19 मार्च से 29 मार्च तक गंगाशहर मार्ग स्थित अग्रवाल भवन में चैत्र नवरात्रि विराट कथा यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन तमिलनाडु के Krishnagiri स्थित Shri Parshva Padmavati Shaktipeeth Tirth Dham की प्रेरणा से किया जा रहा है।
इस वृहद धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर करने के लिए कई विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन स्थल पर प्रतीकात्मक रूप से 35 से 45 फीट ऊंचे 14 भव्य अस्थायी मंदिरों का निर्माण किया जाएगा, जिनमें विभिन्न देवी-देवताओं के दर्शन होंगे। इनमें गणपति, भैरव, शिव-पार्वती, लक्ष्मीनारायण, पद्मावती, दुर्गा, सिद्धिदात्री, महागौरी, करणी माता, ललिता महात्रिपुर सुंदरी, सरस्वती, श्रीराम परिवार और हनुमान मंदिर प्रमुख रहेंगे।
11 दिन तक चलेगा साधना शिविर और यज्ञ
अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कुबेर-लक्ष्मी यंत्र साधना शिविर आयोजित होगा, जिसमें 1008 विशेष कॉइन के साथ साधक साधना करेंगे। इसके अलावा 500 दिव्य समृद्धि कलश स्थापित किए जाएंगे, जिनमें 351 दुर्लभ धार्मिक सामग्रियों को स्थापित कर विशेष पूजन और सिद्धि विधान किया जाएगा।
दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक काशी के विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ 9 कुंडीय विराट यज्ञ आयोजित होगा। इस यज्ञ में हजारों किलो मेवा, देशी घी और चंदन की लकड़ियों की आहुतियां दी जाएंगी।
देवी भागवत कथा और भजन संध्या भी होगी
अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से जगद्गुरु Vasant Vijayanand Giri महाराज के श्रीमुख से देवी भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। वहीं शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी तथा रात्रि में प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भजन संध्या का आयोजन होगा।
पत्रकार वार्ता में दी जानकारी
इस आयोजन को लेकर अग्रवाल भवन में गुरुवार को पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसमें ट्रस्टी गुरुभक्त संकेश जैन ने पूरे कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 11 दिनों तक अलसुबह से देर रात तक धार्मिक अनुष्ठान और कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
इस अवसर पर कुनाल कोचर, मनोज पूगलिया, सुरेंद्र कोचर, तरुण पूगलिया और श्रीपाल नाहटा सहित अनेक श्रद्धालु एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।

