ब्रह्मनाद-2083: पुष्करणा स्टेडियम में सजेगा संस्कृति का भव्य मंच, आज होगा आयोजन

बीकानेर। हिन्दू नव संवत्सर के स्वागत में आयोजित होने वाला बहुप्रतीक्षित ‘ब्रह्मनाद-2083’ बुधवार को पुष्करणा स्टेडियम में भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। बीकानेर सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और पूरे शहर में उत्साह का माहौल नजर आ रहा है।
पिछले एक माह से चल रही तैयारियों के तहत मंगलवार को आयोजन के प्रचार-प्रसार का अंतिम चरण पूरा किया गया। इस दौरान पारंपरिक तरीके से घर-घर जाकर पीले चावल बांटकर शहरवासियों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया। भारतीय संस्कृति में पीले चावल के माध्यम से निमंत्रण देने की परंपरा को निभाते हुए इस आयोजन को और भी विशेष स्वरूप दिया गया है।
नव संवत् 2083 की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाली इस सांस्कृतिक संध्या में विशाल मंच, आकर्षक साज-सज्जा और भव्य व्यवस्थाओं के बीच कार्यक्रम को यादगार बनाने की पूरी तैयारी की गई है। आयोजन स्थल पुष्करणा स्टेडियम को विशेष रूप से सजाया गया है, जहां बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान विष्णु के दशावतार का भव्य नाट्य मंचन रहेगा। इसमें मत्स्य, कूर्म, वराह, नरसिंह, वामन, परशुराम, राम, कृष्ण, बुद्ध और कल्कि अवतारों का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा, जो दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभूति से सराबोर करेगा।
इसके अलावा ‘श्रीसखी’ मंडली द्वारा शास्त्रीय भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी, वहीं ईशा नाथ मंडल द्वारा ऊर्जावान भजनों के माध्यम से नवरात्रा का मंगलमय आगाज किया जाएगा।
बीकानेर सांस्कृतिक मंच के डॉ. उमाकांत व्यास ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था का अद्भुत संगम होगा।

