देश में डेंगू, निमोनिया समेत बीमारियों पर बड़ी जीत की तैयारी, तीन नए टीकों को मंजूरी
Bikaner News Technology

देश में डेंगू, निमोनिया समेत बीमारियों पर बड़ी जीत की तैयारी, तीन नए टीकों को मंजूरी

Mar 28, 2026

 

बीकानेर. देश में बढ़ती संक्रामक बीमारियों के खतरे के बीच आमजन के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सरकार की विशेषज्ञ समिति ने डेंगू, निमोनिया, दिमागी बुखार और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए तीन अहम वैक्सीन को मंजूरी दे दी है। इस फैसले को स्वास्थ्य सुरक्षा के लिहाज से बड़ा कदम माना जा रहा है।

 

 

सबसे अहम मंजूरी जापान की कंपनी ताकीदा फार्मास्युटिकल कंपनी की टेट्रावैलेंट डेंगू वैक्सीन को मिली है। यह वैक्सीन डेंगू के चारों प्रकार के वायरस से एक साथ सुरक्षा प्रदान करती है। विशेषज्ञों के अनुसार, भारत जैसे देश में जहां हर साल डेंगू के मामले बड़ी संख्या में सामने आते हैं, वहां यह वैक्सीन बेहद प्रभावी साबित हो सकती है।

 

 

 

वहीं सनोफी की मेनिंगोकोकल पॉलिसैकेराइड टेटनस वैक्सीन को भी मंजूरी दी गई है। यह वैक्सीन दिमागी बुखार (मेनिंगोकोकल संक्रमण) से बचाव के लिए दी जाएगी। खास बात यह है कि इसे 2 साल से अधिक उम्र के लोगों को लगाया जा सकेगा, जिससे बच्चों और युवाओं दोनों को सुरक्षा मिलेगी।

 

 

इसके अलावा, चिकनगुनिया से बचाव के लिए एक्टिवेटेड चिकनगुनिया वैक्सीन को शुरुआती चरण यानी फेज-1 ट्रायल की मंजूरी दी गई है। यह अभी परीक्षण के दौर में है, लेकिन सफल रहने पर आने वाले समय में यह बीमारी के खिलाफ मजबूत हथियार बन सकती है।

 

 

 

इसी के साथ निमोनिया से बचाव के लिए दी जाने वाली पीसीवी वैक्सीन के डोज सिस्टम में भी बदलाव की सिफारिश की गई है। अब बच्चों को तीन डोज के बाद 15 से 18 महीने की उम्र में एक बूस्टर डोज दी जाएगी, जिससे उनकी इम्यूनिटी और मजबूत होगी।

 

 

 

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इन फैसलों से देश में संक्रामक बीमारियों पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी और बच्चों से लेकर वयस्कों तक की सुरक्षा बेहतर होगी। सरकार का यह कदम भविष्य में बीमारी के बोझ को कम करने और सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।