अरजनसर बाजार में लगी भीषण आग, तीन दुकानें जलकर खाक

बीकानेर. बीकानेर जिले के महाजन क्षेत्र के अरजनसर बाजार से बड़ी खबर सामने आई है, जहां अचानक लगी भीषण आग ने तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते मनिहारी, मेडिकल और एक अन्य दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण दुकानदारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही महाजन पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को काबू में करने का प्रयास शुरू किया गया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के काफी समय बाद तक दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंच पाया। ऐसे में स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों ने खुद ही आग बुझाने की जिम्मेदारी संभाली और बाल्टियों व अन्य संसाधनों के जरिए आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
इस हादसे में तीनों दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर आग बुझाने में जुटे रहे।

