बीकानेर में सेवा की नई पहल: जरूरतमंदों के लिए बनेगा मेडिकल इमरजेंसी बैंक
बीकानेर. समाजसेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स ने जरूरतमंदों की मदद के लिए मेडिकल इमरजेंसी बैंक शुरू करने की घोषणा की है। “ड्रीम्स टू रियलिटी 2.0” कार्यक्रम से प्राप्त आय को इस जनहितकारी कार्य में लगाने का निर्णय लिया गया है। इस पहल का शुभारंभ 5 अप्रैल को रोटरी प्रांतपाल डॉ. निशा सिंह शेखावत के करकमलों से किया जाएगा।
क्लब अध्यक्ष सुनील चमड़िया ने बताया कि इस कार्यक्रम में देश की प्रसिद्ध प्रेरक वक्ता जया किशोरी ने अपने विचार साझा किए थे, जिससे प्रेरित होकर क्लब ने सेवा कार्यों को और विस्तार देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम से प्राप्त आय को समाज के कमजोर वर्ग तक सहायता पहुंचाने में उपयोग किया जा रहा है।
क्लब सचिव विपिन लड्ढा के अनुसार, मेडिकल इमरजेंसी बैंक के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को व्हीलचेयर, वॉकर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, नेबुलाइजर और फोल्डिंग बेड जैसी आवश्यक चिकित्सा सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इस कार्य में गोमादेवी चैरिटेबल फाउंडेशन का भी विशेष सहयोग मिल रहा है।
इस सुविधा को डिजिटल रूप देने के लिए एक मोबाइल एप तैयार की गई है, जिसके माध्यम से लोग घर बैठे उपकरण बुक कर सकेंगे। साथ ही, दानदाता भी इस प्लेटफॉर्म के जरिए जरूरतमंदों की मदद के लिए सामग्री उपलब्ध करा सकेंगे।
वरिष्ठ सदस्य डॉ. सुनील हर्ष ने बताया कि जिला अस्पताल में प्रदेश का पहला आभा आईडी केंद्र भी स्थापित किया जाएगा, जिससे मरीजों का स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा और उपचार प्रक्रिया और अधिक सरल व प्रभावी बनेगी।
क्लब उपाध्यक्ष डॉ. विकास पारीक ने बताया कि इससे पहले भी “ड्रीम्स टू रियलिटी” के पहले चरण से ‘स्वर्ग रथ सेवा’ शुरू की जा चुकी है, जो लगातार जरूरतमंदों के लिए सहारा बन रही है।
पूर्व अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ युवाओं को भी सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। आने वाले समय में भजन गायक कन्हैया मित्तल की भजन संध्या का आयोजन भी प्रस्तावित है।

