परशुराम जन्मोत्सव पर तीन दिवसीय आयोजन 17 को, शोभायात्रा के पोस्टर विमोचन हुआ

बीकानेर। भगवान परशुराम के जन्मोत्सव को लेकर शहर में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। परशुराम शोभायात्रा एवं समारोह समिति के बैनर तले इस वर्ष तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर समिति ने पोस्टर का विमोचन भी किया।
समिति अध्यक्ष सुशील पंचारिया ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 17 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा के साथ होगी। यह शोभायात्रा शाम 4:30 बजे एम.एम. ग्राउंड से रवाना होकर नत्थूसर गेट, बारहगुवाड़, मोहता चौक, लखोटिया चौक, बिन्नाणी चौक, पारीक चौक होते हुए जस्सूसर गेट पर संपन्न होगी। शोभायात्रा में भगवान परशुराम की आदमकद प्रतिमा के साथ बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियां शामिल रहेंगी।
उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को रतन बिहारी पार्क एवं एम.एम. ग्राउंड के समीप स्थित परशुराम सर्किल पर दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 19 अप्रैल को बान्द्राबास स्थित परशुराम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वाई.के. शर्मा, देवीदत्त शर्मा, रवि कलवाणी, डॉ. श्रीकांत व्यास, रजत दाधीच, मोहित जोशी, महेश ओझा, रविशंकर पुरोहित और लक्ष्मी पारीक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रवि कलवाणी ने बताया कि यह शोभायात्रा वर्ष 2014 से 2020 तक लगातार आयोजित होती रही, लेकिन कोरोना काल के चलते कुछ समय के लिए इसे स्थगित करना पड़ा। वर्ष 2025 से इस परंपरा को पुनः शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि बीकानेर का ब्राह्मण समाज सशक्त एवं प्रभावशाली है और यह आयोजन केवल एक वर्ग का नहीं, बल्कि समस्त सनातन धर्मावलंबियों की एकता का प्रतीक बनेगा।
शोभायात्रा को भव्य और यादगार बनाने के लिए समिति द्वारा व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। प्रतिदिन प्रचार रथ विभिन्न मोहल्लों में जाकर समाज के लोगों को आमंत्रित कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन में शामिल हो सकें।

