कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर, इस तारीख से खुल सकता है तबादलों का रास्ता
बीकानेर. राजस्थान के लाखों सरकारी कर्मचारियों के लिए राहतभरी खबर सामने आ रही है। राज्य सरकार जल्द ही तबादलों पर लगा बैन हटाने की तैयारी में है। संभावना जताई जा रही है कि 1 जून 2026 से विभिन्न विभागों में तबादला प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विधायकों और मंत्रियों से मिले प्रस्तावों के आधार पर तबादलों को लेकर अंतिम फैसला ले सकते हैं। यदि सरकार की ओर से अनुमति जारी होती है तो लगभग सभी विभागों में तबादला सूचियां जारी होने की संभावना है।
सबसे ज्यादा इंतजार शिक्षा विभाग के कर्मचारियों और शिक्षकों को है। लंबे समय से तबादलों पर लगी रोक के कारण कई कर्मचारी अपने गृह जिलों से दूर कार्यरत हैं। अब शिक्षा विभाग में भी तबादलों से बैन हटने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने करीब डेढ़ साल पहले अंतिम बार कर्मचारियों की तबादला सूची जारी की थी। इसके बाद से तबादलों पर रोक लगी हुई थी। अब नए सिरे से तबादला प्रक्रिया शुरू होने की संभावना से कर्मचारियों में उत्साह देखा जा रहा है।

