नहरबंदी खत्म, कल से बीकानेर शहर में फिर होगी नियमित जलापूर्ति
बीकानेर. करीब एक महीने से जारी नहरबंदी के बाद बीकानेर शहरवासियों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। पंजाब से छोड़ा गया नहरी पानी बुधवार को बीकानेर जिले के प्रमुख जलाशयों बीछवाल और शोभासर तक पहुंच गया। इसके साथ ही जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने गुरुवार, 21 मई से शहर में नियमित जलापूर्ति शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है।
विभागीय जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर 2:30 बजे नहरी पानी बीछवाल जलाशय पहुंचा, जबकि शाम 5:10 बजे शोभासर जलाशय तक पानी पहुंच गया। जलाशयों में पानी पहुंचते ही विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूजा-अर्चना कर जल का स्वागत किया तथा इसे शहर के लिए राहत का क्षण बताया।
इस दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश पुरोहित, अधीक्षण अभियंता नगर वृत्त बीकानेर खेमचंद सिंगारिया, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण वृत्त राजेश पूनिया, अधीक्षण रसायनज्ञ डॉ. मनोज कुमार शर्मा, अधिशासी अभियंता बलवीर सिंह, नितेश सागर, सुभाष जनागल, सहायक अभियंता योगेंद्र सहायक और चंद्र मोहन सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने बताया कि नहरबंदी के चलते शहर में जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई थी, लेकिन अब नहरी पानी की उपलब्धता के बाद जल वितरण व्यवस्था को पुनः सामान्य किया जा रहा है। विभाग की ओर से शहरवासियों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
अधीक्षण रसायनज्ञ डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि जल गुणवत्ता की जांच की गई है, जिसमें डिसोल्व ऑक्सीजन सहित सभी मानक संतोषजनक पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पानी पूरी तरह गुणवत्तायुक्त है और पेय उपयोग के लिए सुरक्षित है।
विभाग ने नहरबंदी की अवधि के दौरान बीकानेरवासियों द्वारा दिखाए गए धैर्य, संयम और सहयोग के लिए आभार जताया है। लंबे इंतजार के बाद अब नियमित जलापूर्ति शुरू होने से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

