भागवत कथा श्रवण से मिटते हैं कई जन्मों के पाप: पं. आनंद महाराज
बीकानेर। गोपेश्वर बस्ती स्थित अमर ज्योति स्कूल के पास आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव में मंगलवार को श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में कथा श्रवण किया। कथा वाचक पंडित आनंद महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन को पवित्र बनाता है तथा कई जन्मों के संचित पापों का नाश करता है।
उन्होंने कथा प्रसंग में बताया कि महर्षि सुखदेव जी ने राजा परीक्षित को भागवत कथा का अमृतपान करवाकर उन्हें मोक्ष का मार्ग दिखाया। भगवान श्रीकृष्ण और भक्त विदुर के प्रसंग का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान अपने भक्त के प्रेम के वशीभूत होते हैं। विदुर जी के घर पहुंचे भगवान श्रीकृष्ण ने प्रेमभाव से अर्पित केले के छिलके तक स्वीकार कर लिए, जिससे यह संदेश मिलता है कि भगवान को भोग नहीं, बल्कि सच्ची भक्ति और श्रद्धा प्रिय है।
पं. आनंद महाराज ने कहा कि जो व्यक्ति श्रद्धा और विश्वास के साथ भागवत कथा का श्रवण करता है, उसके जीवन में आध्यात्मिक उन्नति होती है और उसे परम शांति की प्राप्ति होती है।
कथा के दौरान मुख्य यजमान श्याम सुन्दर सोनी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई। कथा स्थल पर भजन-कीर्तन और धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान किया। आयोजन में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

