खुले नाले और दूषित पानी से जूझ रहा शास्त्री नगर, समाधान की मांग को लेकर संभागीय आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर. शास्त्री नगर रेजिडेंट्स सोसाइटी ने क्षेत्र में व्याप्त खुले नाले और दूषित पेयजल की गंभीर समस्या को लेकर संभागीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है। सोसाइटी का कहना है कि वर्षों से चली आ रही इन समस्याओं के कारण क्षेत्रवासियों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है और लोगों का जीवन कठिन होता जा रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि शास्त्री नगर के पीछे बह रहे खुले नाले से लगातार दुर्गंध और प्रदूषित वातावरण बन रहा है। इससे क्षेत्र की वायु गुणवत्ता (AQI) 200 से 213 तक पहुंचने का दावा किया गया है, जो स्वास्थ्य के लिए चिंताजनक है। सोसाइटी का कहना है कि इससे बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ रही हैं।
सोसाइटी ने पेयजल की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। ज्ञापन के अनुसार, क्षेत्र में सप्लाई होने वाले पानी का टीडीएस (PPM) 1000 से 1200 तक है, जबकि आसपास की कॉलोनियों में अपेक्षाकृत बेहतर गुणवत्ता का पानी मिल रहा है। उनका कहना है कि दूषित पानी के कारण लोगों के स्वास्थ्य के साथ-साथ घरों में लगे एसी, फ्रिज, बिजली की वायरिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी समय से पहले खराब हो रहे हैं।
रेजिडेंट्स सोसाइटी की सचिव शालिनी शर्मा ने मांग की कि खुले नाले की तत्काल सफाई कर उसे स्थायी रूप से ढका जाए तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से शास्त्री नगर में स्वच्छ एवं मानक गुणवत्ता का पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर और बीकानेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त को भी भेजी गई है। सोसाइटी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

