बीकानेर में इस वजह से हो सकती है तेज बारिश, सुबह से छाए रहे बादल, कई जगह हुई बूंदाबांदी
Bikaner News Life Style

बीकानेर में इस वजह से हो सकती है तेज बारिश, सुबह से छाए रहे बादल, कई जगह हुई बूंदाबांदी

Aug 3, 2026

 

बीकानेर. बीकानेर में सोमवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। शहर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही तथा कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक कहीं भी तेज बारिश दर्ज नहीं हुई। बादलों की आवाजाही और बूंदाबांदी के चलते लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत जरूर मिली।

 

 

 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर परिसंचरण तंत्र के रूप में स्थित है। वहीं मानसून ट्रफ लाइन बीकानेर, दिल्ली और लखनऊ से होकर गुजर रही है। इसी वजह से बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में सोमवार को मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

 

 

 

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि अजमेर, पाली, ब्यावर, भीलवाड़ा, जोधपुर, नागौर और राजसमंद जिलों में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 161 मिमी बारिश जैतारण में रिकॉर्ड की गई।

 

 

 

मौसम विभाग का कहना है कि 4 और 5 अगस्त को भी बीकानेर सहित उत्तरी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव बना रहने की संभावना है।