बीकानेर में छात्राओं ने ली नशामुक्त भारत की शपथ, प्रधानमंत्री मोदी के युवा संवाद का हुआ सीधा प्रसारण
बीकानेर. राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की चारों इकाइयों, राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) और महाविद्यालय के नशा मुक्ति केंद्र “नई किरण” के संयुक्त तत्वावधान में ‘Gen-Z Against Addiction: नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवा संवाद कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नशा मुक्ति पर आधारित प्रेरक ऑडियो-वीडियो के प्रदर्शन से हुई। इसके बाद एनएसडी, नई दिल्ली के विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रभावशाली संदेश दिया गया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल, खेल, नवाचार और राष्ट्रसेवा को अपनाने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों को कमजोर करता है, इसलिए हर युवा को स्वयं नशामुक्त रहने के साथ दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं, NSS स्वयंसेवकों, NCC कैडेट्स और प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर प्रो. संजू श्रीमाली, प्रो. नूरजहाँ, डॉ. हिमांशु कांडपाल, सुनीता बिश्नोई, भुवनेश स्वामी और माय भारत पोर्टल प्रभारी सुरेन्द्र सिंह जांदू ने छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. कादम्बरी व्यास, डॉ. पूजा मीणा और कोमल राठौड़ का विशेष सहयोग रहा। समापन पर सभी छात्राओं, NSS स्वयंसेवकों और NCC कैडेट्स ने “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” के संकल्प को दोहराते हुए नशा मुक्ति की शपथ ली तथा समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने का संकल्प लिया।

