ससुराल आए दामाद का हाई वोल्टेज ड्रामा, पानी की टंकी पर चढ़ा
बीकानेर. लूणकरणसर क्षेत्र के हंसेरा गांव में सोमवार देर शाम एक युवक के पानी की टंकी पर चढ़ जाने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। युवक की पहचान रीडी निवासी भवरनाथ के रूप में हुई, जो अपने ससुराल हंसेरा आया हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार अजय कुमार और थानाधिकारी गणेश कुमार बिश्नोई पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस ने युवक से लगातार बातचीत कर उसे शांत करने का प्रयास किया। काफी देर तक चली समझाइश और प्रयासों के बाद रात 11:15 बजे युवक को सुरक्षित पानी की टंकी से नीचे उतार लिया गया।
घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए थे। पुलिस और प्रशासन पूरी कार्रवाई के दौरान पूरी तरह मुस्तैद रहा। युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। फिलहाल युवक के टंकी पर चढ़ने के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है।

