निकाय चुनाव: भाजपा ने तेज की तैयारियां, वार्ड स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बीकानेर. नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा बीकानेर शहर की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक गुरुवार को जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में निकाय चुनाव की रणनीति, वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक टीम गठन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि निकाय चुनाव संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं के समर्पण का चुनाव है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता हर वार्ड में सक्रिय रहकर पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विकास कार्यों को गति दी है और यमुना जल समझौते जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने प्रत्येक वार्ड में मजबूत टीमों का गठन कर घर-घर संपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि कार्यकर्ता आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही रथ यात्राओं के स्वागत तथा आगामी तिरंगा यात्रा को सफल बनाने का भी आह्वान किया।
जीव जन्तु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई ने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने बताया कि बैठक में जिला प्रभारी ओम सारस्वत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोपाल गहलोत, सत्यप्रकाश आचार्य, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय आचार्य, पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित, नारायण चोपड़ा, जिला महामंत्री राजेंद्र पंवार, श्याम सिंह हाडला सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भी संगठनात्मक विषयों पर अपने विचार रखे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री एडवोकेट कौशल शर्मा ने किया।
बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

